GautambudhnagarGreater noida news

सेंट जोसेफ स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर देशभक्ति की गूंज, विद्यार्थियों ने लगाई भव्य शैक्षिक प्रदर्शनी

सेंट जोसेफ स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर देशभक्ति की गूंज, विद्यार्थियों ने लगाई भव्य शैक्षिक प्रदर्शनी

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर अल्फा-वन स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती राष्ट्रीय पर्व के रूप में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी, मैनेजर फादर एंड्रयू कोरिया, मुख्य अतिथि आगरा से पधारे मुख्य धर्माध्यक्ष डॉ. राफी मंजली तथा विशिष्ट अतिथि भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी रुक्मिणी बनर्जी मौजूद रहीं।अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान “रघुपति राघव राजा राम” और “जय जवान-जय किसान” के उद्घोष से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।विशिष्ट अतिथि रुक्मिणी बनर्जी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सामान्य विद्यार्थी होना सफलता की राह में बाधा नहीं है, बल्कि निरंतर परिश्रम असामान्य लक्ष्यों को भी हासिल करने की राह आसान बना सकता है।

मुख्य अतिथि डॉ. राफी मंजली ने विद्यार्थियों को एकता, भाईचारे और शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की।

विद्यार्थियों ने सजाई ज्ञान-विज्ञान की प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने फीता काटकर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई भव्य शैक्षिक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में कला, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, वाणिज्य, बहीखाता और अर्थशास्त्र सहित विभिन्न विषयों से जुड़े मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए।कंप्यूटर विज्ञान के विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, कंप्यूटर अनुप्रयोग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए, जबकि विज्ञान के विद्यार्थियों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान के विभिन्न प्रयोगात्मक मॉडल लगाए। अर्थशास्त्र की प्रदर्शनी में मूलभूत आर्थिक अवधारणाओं से लेकर शेयर बाजार एवं औद्योगिक विकास तक की जानकारी प्रस्तुत की गई।प्रदर्शनी करीब 20 से 22 कमरों के साथ प्रार्थना सभा परिसर के खुले मैदान तक फैली रही। अधिकांश मॉडल कार्यशील होने के कारण अभिभावकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की जमकर सराहना की।कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से कक्षा पांच तक के प्रथम सत्रीय परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए तथा शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित हुई। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 3 अक्टूबर को कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक एवं परीक्षा परिणाम वितरण किया जाएगा। इस कारण प्रदर्शनी शनिवार को भी जारी रहेगी और अधिक संख्या में अभिभावकों के पहुंचने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button