श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर, गौतम बुद्ध नगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आयोजन
श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर, गौतम बुद्ध नगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आयोजन

दनकौर। श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर, गौतम बुद्ध नगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन महाविद्यालय के सचिव रजनीकांत अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। महाविद्यालय के सचिव श्री रजनीकांत अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने सभी को नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन का आधार है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।




