ग्राम प्रहरियों का मानदेय ₹1,000 बढ़ा, अब हर महीने मिलेंगे ₹3,500; विधायक धीरेंद्र सिंह ने सीएम योगी का जताया आभार
ग्राम प्रहरियों का मानदेय ₹1,000 बढ़ा, अब हर महीने मिलेंगे ₹3,500; विधायक धीरेंद्र सिंह ने सीएम योगी का जताया आभार
मई 2025 में विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की थी मानदेय बढ़ाने और अन्य सुविधाएं देने की मांग, प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों को मिलेगा लाभ

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों (ग्राम चौकीदारों) के मानदेय में प्रतिमाह 1,000 रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 13 अक्टूबर 2026 को बरेली में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में इसकी घोषणा की। इस फैसले के बाद ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़कर 3,500 रुपये हो जाएगा। प्रदेश के लगभग 68 हजार ग्राम प्रहरियों को इसका लाभ मिलेगा। इस निर्णय पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने 6 मई 2025 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ग्राम चौकीदारों की आर्थिक स्थिति और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की ओर ध्यान आकर्षित कराया था। उन्होंने मानदेय में वृद्धि के साथ साइकिल भत्ता, वर्दी भत्ता, स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की थी।मानदेय में प्रतिमाह 1,000 रुपये की वृद्धि से प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12,000 रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। इससे उनके और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर की पुलिस लाइन में भी ग्राम प्रहरियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी मेधा रूपम, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी शैव्य गोयल, डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया और मानदेय में वृद्धि के निर्णय की जानकारी दी गई।
ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी हैं ग्राम प्रहरी: धीरेंद्र सिंह
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने और पुलिस व ग्रामीणों के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका अहम है। सीमित संसाधनों और कम मानदेय के बावजूद वे लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय बढ़ाने का निर्णय उनके और उनके परिवारों के लिए राहत भरा कदम है।
उन्होंने कहा कि मई 2025 में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ग्राम प्रहरियों की समस्याओं के समाधान की मांग की थी। अब मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया जाना संतोषजनक है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त किया।विधायक ने उम्मीद जताई कि ग्राम प्रहरियों की अन्य लंबित मांगों, विशेषकर स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा और आवश्यक भत्तों पर भी सरकार सकारात्मक निर्णय लेगी। इससे ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने वाले इन कर्मियों को बेहतर सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को बताया महत्वपूर्णबरेली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, शांति और खुशहाली का वातावरण मजबूत हुआ है। सुरक्षित माहौल से विकास, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलता है तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं और पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सुविधाओं का लाभ ग्राम प्रहरी सहित पुलिस विभाग के प्रत्येक कर्मचारी तक पहुंचना चाहिए, क्योंकि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।




