GautambudhnagarGreater noida news

इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ भव्य आयोजन

इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ भव्य आयोजन

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समूह के विभिन्न संस्थानों के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया। इस अवसर पर अकादमिक निदेशक डॉ. तितिक्षा शर्मा, वित्त निदेशक श्रीमती उषा शर्मा, सचिव पंडित देवाशीष गौर, रजिस्ट्रार श्री अंजनी झा तथा नामांकन निदेशक डॉ. श्रीनिवास मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया तथा नियमित योगाभ्यास करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में इनोवेटिव लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मृत्युंजय पाण्डेय, आईआईईटी के निदेशक श्री अनु बहल तथा फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमरजीत सिंह ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सत्रों में भाग लिया। योग प्रशिक्षक के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है तथा एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए नागरिकों का स्वस्थ एवं जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संतुलन स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, सहयोग तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने यह भी कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज संपूर्ण विश्व में मानव कल्याण का माध्यम बन चुकी है। योग न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मकता एवं आत्मविश्वास का संचार भी करता है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे वे शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button