सैकड़ों ट्रैक्टरों के काफिले के साथ जेवर पहुंची कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा
सैकड़ों ट्रैक्टरों के काफिले के साथ जेवर पहुंची कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा
ऋषि जावल चौक पर विशाल नुक्कड़ सभा के साथ हुआ समापन, किसानों के हक और सम्मान की आवाज उठाई

ग्रेटर नोएडा/जेवर। कांग्रेस पार्टी की ओर से किसानों के अधिकार, सम्मान और उनकी विभिन्न समस्याओं को लेकर निकाली जा रही प्रांतीय किसान अधिकार यात्रा बुधवार को गौतमबुद्ध नगर की जेवर विधानसभा पहुंची। जहांगीरपुर अनाज मंडी से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों किसान ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के साथ शामिल हुए। विभिन्न गांवों और कस्बों से गुजरती हुई यात्रा जेवर नगर पहुंची, जहां ऋषि जावल चौक पर विशाल नुक्कड़ सभा के साथ इसका समापन हुआ।
किसान अधिकार यात्रा के संयोजक अजय छोंकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ यात्रा में भाग लिया। हाथों में कांग्रेस के झंडे और किसानों की मांगों से संबंधित तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।यात्रा में पूर्व सांसद दानिश अली, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी एवं पूर्व विधायक संजीव आर्या तथा किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला विशेष रूप से शामिल हुए। दानिश अली और संजीव आर्या ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर किसानों के साथ यात्रा में भागीदारी की। सैकड़ों ट्रैक्टरों और वाहनों का लंबा काफिला जेवर क्षेत्र में किसान एकता का संदेश देता नजर आया।
किसानों के सम्मान और अधिकार की लड़ाई जारी रहेगी : दानिश अली
ऋषि जावल चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद दानिश अली ने कहा कि किसान केवल फसल का उचित मूल्य नहीं, बल्कि अपने सम्मान और भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई भी लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस किसान के श्रम से देश का पेट भरता है, उसे अपनी जमीन और अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। कांग्रेस किसानों की इस लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
संजीव आर्या ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा गांव, खेत और किसान की आवाज को सत्ता तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि किसान बढ़ती खेती की लागत, महंगी खाद, बीज, डीजल और बिजली जैसी समस्याओं से परेशान है। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य और भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा मिलना उनका अधिकार है।
गौतमबुद्ध नगर के किसानों के उठाए मुद्दे
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के किसानों ने विकास के लिए दशकों से अपनी जमीन दी है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आज भी आबादी निस्तारण, उचित मुआवजा, विकसित भूखंड और स्थानीय युवाओं के रोजगार जैसे अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र का विकास किसानों की जमीन और उनके त्याग पर खड़ा है। जेवर एयरपोर्ट और आसपास तेजी से हो रहे विकास में सबसे पहला अधिकार उन स्थानीय किसानों और उनके परिवारों का होना चाहिए, जिन्होंने अपनी जमीन देकर विकास का रास्ता तैयार किया है।किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों की आय उस अनुपात में नहीं बढ़ी है। किसान कांग्रेस किसानों को उनकी फसल का न्यायपूर्ण मूल्य, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा और उनके अधिकारों की सुरक्षा दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।यात्रा के संयोजक अजय छोंकर ने कहा कि जहांगीरपुर से जेवर तक किसानों ने जिस उत्साह के साथ ट्रैक्टरों में भाग लिया, उससे स्पष्ट है कि किसान अब अपने अधिकारों को लेकर चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने इसे किसान के स्वाभिमान और अधिकारों की यात्रा बताया।
इस दौरान मुकेश यादव, सतीश शर्मा, सुरेंद्र प्रताप, गणेश मीणा, सतपाल सिंह, दिनेश अवाना, गौतम अवाना, पुरुषोत्तम नागर, मोहम्मद तकी, मास्टर हबीब, राजू राव, राजकुमार शर्मा, दिनेश शर्मा, रघुराज शर्मा, नरेश शर्मा, रामकुमार शर्मा, धर्म सिंह, मुकेश शर्मा, अरुण भाटी, बिन्नू भाटी, रमेश बघेल, रिजवान चौधरी, कपिल भाटी, प्रिंस भाटी, नीतीश चौधरी, सुनील भाटी, अजब सिंह, पुनीत मावी, सचिन भाटी, दीपक प्रजापति और जतन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।




