ग्रेटर नोएडा के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, 64.7% अतिरिक्त प्रतिकर का रास्ता साफ | 2002 से 2013 के बीच अधिग्रहित भूमि के करीब 4500 किसानों को मिलेगा लाभ, 500 करोड़ से अधिक का होगा भुगतान
ग्रेटर नोएडा के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, 64.7% अतिरिक्त प्रतिकर का रास्ता साफ
2002 से 2013 के बीच अधिग्रहित भूमि के करीब 4500 किसानों को मिलेगा लाभ, 500 करोड़ से अधिक का होगा भुगतान

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्ष 2002 से 2013 के बीच क्रय या अधिग्रहित की गई भूमि के ऐसे किसानों को अब मूल प्रतिकर का 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर मिलने का रास्ता साफ हो गया है, जिन्हें किसी कारणवश इसका लाभ नहीं मिल सका था।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल पर उत्तर प्रदेश शासन ने अतिरिक्त प्रतिकर देने के संबंध में शासनादेश जारी किया है। इस फैसले से करीब 4500 किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण की ओर से किसानों को अतिरिक्त मुआवजा देने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होने का अनुमान है।
शासन के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामले में निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। शासन के इस आदेश के बाद लंबे समय से 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर की मांग कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2002 से 2013 के बीच क्रय या अधिग्रहित भूमि के ऐसे किसानों को भी 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर का लाभ देने का अनुरोध शासन से किया था, जिन्हें आर्थिक कमजोरी या अन्य कारणों से न्यायालय जाने का अवसर नहीं मिल सका और वे इस लाभ से वंचित रह गए।
इस निर्णय को लागू करने से पहले प्राधिकरण संबंधित किसानों के मामलों की जांच, पात्रता और लागू नियमों के आधार पर प्रक्रिया पूरी करेगा। शासन के फैसले से किसानों में खुशी की लहर है।
इस मामले में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और दादरी विधायक तेजपाल नागर की भूमिका भी अहम बताई गई है।




