जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई सम्पन्न
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई सम्पन्न
औद्योगिक विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा

गौतमबुद्धनगर।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जनपद के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन तथा औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रमुख रूप से अनियोजित विद्युत कटौती, जल कनेक्शन एवं जलापूर्ति से संबंधित समस्याएं, जलापूर्ति के बिलों का न्यायोचित निस्तारण, जलभराव, ड्रेनेज व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण, जीएसटी/सीजीएसटी नोटिसों से संबंधित व्यावहारिक कठिनाइयों तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बैठक आयोजित किए जाने का विषय प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं का संज्ञान लेते हुए कहा कि जनपद में उद्योगों के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी तथा विभागीय समन्वय स्थापित कर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन करते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निवेशकों एवं उद्यमियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर औद्योगिक गतिविधियों को गति प्रदान की जाए, जिससे निवेश को बढ़ावा मिले तथा रोजगार के नए अवसर सृजित हों। बैठक में उद्योगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार, प्रभारी जिला विकास अधिकारी परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारीगण, प्रेसिडेंट इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन अमित उपाध्याय एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।




