डेंगू जांच करने वाले ड्रोन ने जीता हेल्थ-ए-थॉन 3.0 का पहला पुरस्कार, देशभर की 25 टीमों ने दिखाए नवाचार
डेंगू जांच करने वाले ड्रोन ने जीता हेल्थ-ए-थॉन 3.0 का पहला पुरस्कार, देशभर की 25 टीमों ने दिखाए नवाचार

ग्रेटर नोएडा। लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के फार्मेसी विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय हेल्थकेयर टेक-ए-थॉन ‘हेल्थ-ए-थॉन 3.0’ का 26 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस आयोजन में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र के विभिन्न संस्थानों की 25 टीमों ने भाग लेकर स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े आधुनिक तकनीकी नवाचार और प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए।‘स्मार्ट हेल्थकेयर सॉल्यूशंस: जल्दी पहचान, सटीक उपचार, तेज रिकवरी’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में जामिया हमदर्द की टीम ‘लैब इन एयर’ ने डेंगू की जांच के लिए टेस्टिंग किट से लैस ड्रोन का मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया। इस नवाचार को दूरदराज के इलाकों में तेजी से जांच की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। विजेता टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दृष्टिबाधित लोगों के लिए स्मार्ट दवा प्रबंधन प्रणाली, बधिर लोगों के लिए विशेष अलर्ट बैंड, वर्चुअल फार्माकोलॉजी सिम्युलेटर और आई ड्रॉप डालने में मददगार उपकरण सहित कई उपयोगी तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रोटोटाइप, तकनीकी क्षमता और व्यावसायिक संभावनाओं का मूल्यांकन किया।कार्यक्रम की संरक्षक प्रो. (डॉ.) वंदना अरोड़ा सेठी ने विद्यार्थियों को कम लागत वाली दवाएं और चिकित्सा उपकरण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नवाचार का उद्देश्य केवल नए उत्पाद बनाना नहीं, बल्कि महंगी स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों की पहुंच तक लाना भी होना चाहिए।समापन समारोह में एमिटी यूनिवर्सिटी की टीम ‘कैटलिस्ट’ ने 10 हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार और लॉयड की टीम ‘स्ट्राइव’ ने 7,500 रुपये का तृतीय पुरस्कार हासिल किया। वहीं आरकेजीआईटी की टीम ‘वर्चुफार्म’ को बेस्ट इनोवेशन अवॉर्ड तथा एबीईएसआईटी की टीम ‘ई-वैद्य’ को जेम ऑफ हेल्थ-ए-थॉन 3.0 पुरस्कार के तहत 5-5 हजार रुपये प्रदान किए गए।कार्यक्रम में एकेटीयू इनोवेशन हब के सीईओ डॉ. महिप सिंह सहित विभिन्न शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप, पेटेंट और उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी। संस्थान की ओर से चयनित पेटेंट योग्य विचारों के पेटेंट का खर्च उठाने के साथ उन्हें इन्क्यूबेशन, उद्योगों और निवेशकों से जुड़ने का अवसर भी उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के नए विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलना और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।





