नन्हक फाउंडेशन ने धूमधाम से मनाया दीपोत्सव 2026, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नन्हक फाउंडेशन ने धूमधाम से मनाया दीपोत्सव 2026, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-81 स्थित नन्हक फाउंडेशन की ओर से दीपोत्सव-2026 का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘त्योहार सबके लिए’ रखी गई, जिसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, सामाजिक सहयोग, समानता और सेवा भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के अंतर्गत शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में छठ पूजा पर आधारित विशेष नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर समाजसेवी नमानी ने अपने विचार साझा करते हुए समाज के प्रति जिम्मेदारियों और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ जरूरतमंदों के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।कार्यक्रम में नन्हक फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष साधना सिन्हा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और फाउंडेशन की ओर से संचालित सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था सेवा, शिक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प के साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है।इस अवसर पर एसपी गर्ग, पूनम सिंह, स्वरा श्रीवास्तव, ममता पांडे, भावना सिंह, शैलेंद्र कुमार, संजय सिंह, मंजू श्रीवास्तव, हिमजा श्रीवास्तव और विद्या सहित वरिष्ठ शिक्षक, अतिथिगण एवं संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य पत्रकारों की उपस्थिति भी रही।कार्यक्रम के अंत में नन्हक फाउंडेशन की ओर से सभी अतिथियों, वक्ताओं, पत्रकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन ने त्योहारों के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। साधना सिन्हा एवं नन्हक फाउंडेशन की पूरी टीम ने सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया।




