डॉ. खुशबू सिंह बनीं भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष, गौतम बुद्ध नगर की मिली जिम्मेदारी
डॉ. खुशबू सिंह बनीं भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष, गौतम बुद्ध नगर की मिली जिम्मेदारी
महिला सशक्तिकरण, समाज सेवा और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के क्षेत्र में किए गए कार्यों को मिला सम्मान

ग्रेटर नोएडा। सशक्त महिला उद्यमी संगठन की अध्यक्ष एवं उद्यमी डॉ. खुशबू सिंह को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा में गौतम बुद्ध नगर का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों का सम्मान माना जा रहा है।
डॉ. खुशबू सिंह लंबे समय से महिला हित, महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कार्य कर रही हैं। अपनी इकाई ‘आर्य फैशन्स’ के माध्यम से वह ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने सशक्त महिला उद्यमी संगठन की स्थापना कर महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने, उसका विस्तार करने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए हैं।
समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी एक विशेष पहल दिव्यांग एवं विशेष बच्चों के कौशल विकास से जुड़ी है। हाल ही में उन्होंने अभय किड्स फाउंडेशन के विशेष बच्चों के लिए निःशुल्क हस्तशिल्प प्रशिक्षण शुरू कराया है। इसके तहत आर्य फैशन्स की ओर से बच्चों को प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाती है और कुशल कारीगर स्कूल पहुंचकर बच्चों एवं शिक्षकों को प्रशिक्षण देते हैं।
इसके अलावा डॉ. खुशबू सिंह पिछले तीन वर्षों से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से युवाओं को प्रशिक्षण के साथ नियुक्ति पत्र और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए गए हैं।
डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, समाज सेवा और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र की महिलाओं में उत्साह है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई जिम्मेदारी के माध्यम से वह भाजपा महिला मोर्चा के संगठन को मजबूत करने के साथ महिला हितों से जुड़े कार्यों को और गति देंगी।




