दीपावली पर महिला उद्यमियों को मिला निःशुल्क स्टॉल का तोहफा, सशक्त महिला उद्यमी संगठन ने की अनूठी पहल
दीपावली पर महिला उद्यमियों को मिला निःशुल्क स्टॉल का तोहफा, सशक्त महिला उद्यमी संगठन ने की अनूठी पहल

ग्रेटर नोएडा। महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सशक्त महिला उद्यमी संगठन ने दीपावली के अवसर पर अनूठी पहल करते हुए महिला उद्यमियों को निःशुल्क प्रदर्शनी स्टॉल उपलब्ध कराए। संगठन की अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह के नेतृत्व में आईआईएलएम यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।इस प्रदर्शनी में अनेक महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच प्रदान किया गया। खास बात यह रही कि सभी महिला उद्यमियों को स्टॉल के साथ दोपहर का भोजन, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसका उद्देश्य महिलाओं की कमाई का पूरा हिस्सा उन्हें ही मिलना सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। दीपावली जैसे अवसरों पर स्टॉल लगाने के लिए महिलाओं को तीन हजार से 21 हजार रुपये तक किराया देना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए संगठन ने महिला उद्यमियों को बिना किसी शुल्क के स्टॉल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया, ताकि वे अपनी पूरी आमदनी अपने व्यवसाय में लगा सकें।उन्होंने कहा कि महिलाओं को सही मंच और सहयोग मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती हैं। सशक्त महिला उद्यमी संगठन भविष्य में भी महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।इस पहल के माध्यम से संगठन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय संदेश दिया और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया।




