सुथ्याना में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन, 9500 वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त
सुथ्याना में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन, 9500 वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त
19 करोड़ रुपये आंकी गई जमीन पर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे कॉलोनाइजर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को सुथ्याना गांव में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। इस दौरान प्राधिकरण की टीम ने करीब 9500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई गई है।
प्राधिकरण के अनुसार, कॉलोनाइजर अधिग्रहित और कब्जा प्राप्त जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने तथा वहां अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलने पर परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम के नेतृत्व में प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और वर्क सर्किल-4 की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
महाप्रबंधक ए के सिंह ने बताया कि सुथ्याना के खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 की लगभग 9500 वर्ग मीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।




