सहज कर संवाद–2026 में IBA ने उठाईं उद्यमियों की समस्याएं, जीएसटी आयुक्त को सौंपा मांग-पत्र
सहज कर संवाद–2026 में IBA ने उठाईं उद्यमियों की समस्याएं, जीएसटी आयुक्त को सौंपा मांग-पत्र

ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय जीएसटी आयुक्तालय, गौतम बुद्ध नगर की ओर से जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘सहज कर संवाद–2026’ कार्यक्रम में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ) के प्रतिनिधिमंडल ने उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन ने जीएसटी आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक (आईआरएस) को मांग-पत्र सौंपकर कर प्रणाली को सरल बनाने और व्यापारियों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। ज्ञापन में जीएसटी पंजीकरण और संशोधन प्रक्रिया को सरल बनाने, पंजीकरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने और रिफंड दावों का समयबद्ध निस्तारण करने की मांग की गई। इसके अलावा जीएसटी अनुपालन को आसान बनाने, नोटिस और जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने तथा जीएसटी पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का सुझाव दिया गया। एसोसिएशन ने उद्योग संगठनों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।कार्यक्रम में अपर आयुक्त दर्पण जैन, अपर आयुक्त अर्जुन लाल सहित केंद्रीय जीएसटी विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उद्योग जगत की ओर से दिए गए सुझावों का स्वागत करते हुए उन पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करने का आश्वासन दिया।
IBA की ओर से अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, सेक्टर सचिव विरेंद्र प्रताप रावल और वरिष्ठ सदस्य सुभाष चौहान ने सहभागिता की।आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि ‘सहज कर संवाद–2026’ जैसे कार्यक्रम विभाग और उद्योग जगत के बीच विश्वास, पारदर्शिता और बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसोसिएशन के सुझावों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे जीएसटी व्यवस्था अधिक सरल और उद्योग-अनुकूल बनेगी। इससे उद्यमियों को व्यापार करने में सहूलियत मिलेगी और औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।




