GautambudhnagarGreater noida news

वोट बचाओ–देश बचाओ आंदोलन: गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने भरी हुंकार, जेवर में निकाला आक्रोश मार्च

वोट बचाओ–देश बचाओ आंदोलन: गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने भरी हुंकार, जेवर में निकाला आक्रोश मार्च

दादरी और जेवर में संगठनात्मक बैठकें कर बूथ स्तर पर वोट रक्षक नियुक्त करने और मतदाता सूची से हटाए गए नामों के सत्यापन का लिया संकल्प

ग्रेटर नोएडा। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ने गौतमबुद्ध नगर में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आंदोलन के तहत अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं आंदोलन की जिला समन्वयक डॉ. रागिनी नायक की उपस्थिति में दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। इसके बाद जेवर कस्बे में बैना रोड से तहसील तक आक्रोश मार्च निकालकर मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा की मांग उठाई गई।दादरी विधानसभा क्षेत्र की बैठक ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई। इसमें कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, प्रत्येक बूथ पर वोट रक्षक नियुक्त करने और मतदाता सूची से हटाए गए नामों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद जेवर विधानसभा क्षेत्र में भी बैठक आयोजित कर ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी बनाने तथा दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली की तैयारियों पर चर्चा की गई।डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा का जन आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों की गंभीरता से जांच करने, हटाए गए नामों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने और पात्र मतदाताओं को निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जुड़वाने में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति गांवों, कस्बों और मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाता है, इसलिए किसी भी पात्र नागरिक का नाम अनुचित रूप से मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए।

जेवर में निकाला आक्रोश मार्च

संगठनात्मक बैठक के बाद डॉ. रागिनी नायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैना रोड से जेवर तहसील तक आक्रोश मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’, ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’ और ‘संविधान का सम्मान करो’ जैसे नारे लगाए। इस दौरान निष्पक्ष चुनाव, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की मांग की गई।जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और किसी भी पात्र नागरिक को उसके संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ पर वोट रक्षक तैयार करेगी। ये कार्यकर्ता मतदाता सूचियों की जांच करेंगे, हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों को नाम दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग देंगे।दीपक भाटी ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली के माध्यम से लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची संबंधी शिकायतों का पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस का यह अभियान संविधान की सर्वोच्चता और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए जारी रहेगा।

कार्यक्रमों में अजय चौधरी, दुष्यंत नागर, विजय नागर, गौतम अवाना, दिनेश अवाना, तीरथराम वाल्मीकि, सूबेदार सतपाल सिंह, सतीश शर्मा, धर्मवीर प्रधान, अजय छोंकर, गणेश मीणा, अशोक पंडित, राजू राव, मोहम्मद तकी, हबीब इदरीशी, मुकेश शर्मा, रिजवान चौधरी, आरके प्रथम, नीरज लोहिया, भगवती शर्मा, निशा शर्मा, शीबा राय, सुबोध भट्ट, हरेंद्र शर्मा, धर्म सिंह, रमेश वाल्मीकि, सचिन जीनवाल, रमेश बघेल, सचिन शर्मा, कपिल भाटी, प्रिंस भाटी, नीतीश चौधरी, गजन प्रधान, गुलाब जाटव, पुनीत मावी और नीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button