आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 37वीं मंथन गोष्ठी आयोजित, श्रम कानून और पीएफ नियमों पर उद्यमियों को मिला मार्गदर्शन
आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 37वीं मंथन गोष्ठी आयोजित, श्रम कानून और पीएफ नियमों पर उद्यमियों को मिला मार्गदर्शन

ग्रेटर नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ग्रेटर नोएडा चैप्टर के कार्यालय में बुधवार को 37वीं मंथन गोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्ष सरबजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं अनुमति से चैप्टर सचिव हिमांशु पांडेय ने बैठक की कार्यवाही शुरू की। गोष्ठी में 50 से अधिक आईआईए सदस्यों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।
कार्यक्रम में श्रम विभाग के अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त विजय कुमार अपनी प्रवर्तन टीम के साथ गोष्ठी में पहुंचे। आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर में पहली बार आगमन पर उनका स्वागत करते हुए रामलला की प्रतिमा स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की गई।गोष्ठी की शुरुआत व्यवसाय से व्यवसाय परिचय सत्र से हुई। इसमें सदस्यों ने अपने उद्योग, उत्पाद एवं सेवाओं की जानकारी साझा की तथा आपसी व्यापारिक सहयोग और नए व्यावसायिक अवसरों पर विचार-विमर्श किया।इसके बाद अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी ने उद्योगों एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए महत्वपूर्ण नए श्रम कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कानूनों के प्रभाव, आवश्यक अनुपालन और उद्यमियों द्वारा अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। सदस्यों ने श्रम कानूनों से जुड़े प्रश्न एवं व्यावहारिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका समाधान किया गया।
वहीं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त विजय कुमार एवं उनकी प्रवर्तन टीम ने भविष्य निधि से जुड़े विषयों पर उद्यमियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। भविष्य निधि अंशदान की बढ़ी हुई सीमा, कर्मचारी भविष्य निधि एवं कर्मचारी पेंशन योजना से जुड़े प्रावधानों तथा नियोक्ताओं के लिए आवश्यक अनुपालन पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों को अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का अवसर भी मिला।
बैठक में अध्यक्ष सरबजीत सिंह, सचिव हिमांशु पांडेय, कोषाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, क्षेत्रीय चेयरमैन राकेश बंसल सहित आईआईए के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों की सक्रिय सहभागिता, आपसी व्यवसायिक परिचय और अधिकारियों के साथ सीधे संवाद ने गोष्ठी को उपयोगी एवं सार्थक बनाया।
आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर की ओर से अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त विजय कुमार एवं उनकी प्रवर्तन टीम का आभार व्यक्त किया गया। चैप्टर अध्यक्ष सरबजीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गोष्ठियां उद्योगों की समस्याओं के समाधान और उद्यमियों को नियमों की सही जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।




