एक्यूरेट कॉलेज ऑफ फार्मेसी में जनरेटिव एआई और संगणकीय नवाचारों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
एक्यूरेट कॉलेज ऑफ फार्मेसी में जनरेटिव एआई और संगणकीय नवाचारों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

ग्रेटर नोएडा। एक्यूरेट कॉलेज ऑफ फार्मेसी, ग्रेटर नोएडा में “अगली पीढ़ी के औषधि विज्ञान, दवा खोज एवं स्वास्थ्य सेवाओं में जनरेटिव एआई और संगणकीय नवाचार” विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय हाइब्रिड सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सम्मेलन में 170 शोध पत्रों के माध्यम से दवा खोज, औषधि विकास, व्यक्तिगत चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर शोध प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रस्तुतियों के जरिए एआई की मदद से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने से जुड़े नवीन विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्थान की चेयरपर्सन पूनम शर्मा और निदेशक डॉ. ए.के. राय सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। डॉ. ए.के. राय ने कहा कि एआई और संगणकीय तकनीकें दवा अनुसंधान एवं स्वास्थ्य सेवाओं में नई संभावनाएं खोल रही हैं और विद्यार्थियों को इनके जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग की समझ विकसित करना जरूरी है।
सम्मेलन में डॉ. शाह आलम खान (ओमान) ने दवा खोज में जनरेटिव एआई, डॉ. मोनिका अरोड़ा (मालदीव) ने व्यक्तिगत चिकित्सा एवं सटीक स्वास्थ्य सेवाओं, डॉ. सोकिंद्र कुमार ने एआई आधारित औषधि पुनर्प्रयोजन तथा डॉ. राजेश अग्रवाल ने व्यक्तिगत दवा निर्माण और स्मार्ट स्वास्थ्य सेवाओं में जनरेटिव एआई की भूमिका पर विचार साझा किए।
पोस्टर प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं ने अपने शोध एवं नवाचारों को प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट शोध और प्रभावी पोस्टर प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन का संचालन एवं समन्वय डॉ. अजीत किरण कौर के मार्गदर्शन में हुआ।
समापन अवसर पर चेयरपर्सन पूनम शर्मा ने अतिथियों, विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में फार्मास्युटिकल विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच अंतर्विषयक सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।




