डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा ‘भारतीय पद्म भूषण’ सम्मान से अलंकृत
डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा ‘भारतीय पद्म भूषण’ सम्मान से अलंकृत

ग्रेटर नोएडा। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सभागार में 19 सितंबर को आयोजित समारोह में ग्रेटर नोएडा निवासी डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा को ‘भारतीय पद्म भूषण’ सम्मान से अलंकृत किया गया। मूल रूप से ग्राम खाम्बी, पलवल (हरियाणा) निवासी डॉ. शर्मा को यह सम्मान शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, समाजसेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्व संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण आयोग तथा साहित्य सेवा पुरस्कार परिषद की ओर से प्रदान किया गया।समारोह में डॉ. शर्मा के दीर्घकालिक सामाजिक सरोकारों, रचनात्मक अभिव्यक्ति और जनजागरूकता के लिए किए गए कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। चार दशकों से अधिक की उनकी कार्ययात्रा में शिक्षा, तकनीकी एवं औद्योगिक गुणवत्ता प्रबंधन, मीडिया, जनसंपर्क और संचार के क्षेत्र में उनका योगदान रहा है।
डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनकी रचनाओं में राष्ट्रभक्ति, शहीदों के प्रति श्रद्धा, भारतीय संस्कृति, बेटियों के प्रति स्नेह और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषय प्रमुखता से दिखाई देते हैं। उनका मानना है कि साहित्य समाज में मानवीय संवेदनाओं और जीवन मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्ष 1996 में दक्षिण कोरिया की देवू मोटर कंपनी लिमिटेड में उन्हें सत्यनिष्ठा के लिए ‘ऑनेस्टी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था। उन्होंने इसे भारतीय संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जुड़ा गौरवपूर्ण सम्मान बताया।‘भारतीय पद्म भूषण’ सम्मान मिलने पर साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा शुभचिंतकों ने डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




