GautambudhnagarGreater noida news

पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर जमीन कब्जाने, मारपीट और धमकी देने के आरोप, पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच की मांग

पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर जमीन कब्जाने, मारपीट और धमकी देने के आरोप, पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच की मांग

नोएडा। ग्राम इलाहाबास निवासी आजाद सिंह ने पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि प्रधान के खिलाफ जमीन पर कथित अवैध कब्जे का प्रयास, मारपीट, जान से मारने की धमकी और दबंगई के आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त गौतम बुद्ध नगर को प्रार्थना-पत्र दिया है। शिकायतकर्ता ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, खसरा नंबर 121 की भूमि में आजाद सिंह और रवि प्रधान सहखातेदार रहे हैं। आरोप है कि रवि प्रधान अपने हिस्से की जमीन पूर्व में बेच चुके हैं और प्राधिकरण से संबंधित मुआवजा भी प्राप्त कर चुके हैं। इसके बावजूद शिकायतकर्ता के हिस्से की भूमि पर कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

आजाद सिंह का आरोप है कि कब्जे का विरोध करने पर बाहरी लोगों और बाउंसरों को बुलाकर उनके परिवार के साथ मारपीट व धमकी दी गई। शिकायत में बताया गया है कि इस संबंध में थाना फेस-2 में पूर्व में शिकायत/एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है।

शिकायतकर्ता ने खसरा नंबर 42, 45, 121 और 270 की भूमि को लेकर भी जांच की मांग की है। आरोप है कि इन जमीनों पर अवैध कब्जे और अवैध कॉलोनी काटकर जमीन बेचने की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने मांग की है कि यदि भूमि सरकारी अथवा नोएडा प्राधिकरण की है तो राजस्व विभाग और प्राधिकरण के अभिलेखों की जांच कर संयुक्त कार्रवाई की जाए।

शिकायत में 28 अगस्त की घटना का भी उल्लेख किया गया है। आजाद सिंह के मुताबिक, वह खसरा नंबर 122 में अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे, इसी दौरान उनके भाई के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कराई गई। उन्होंने इस कार्रवाई की परिस्थितियों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

इसके अलावा शिकायतकर्ता ने अपने पुत्र के साथ पूर्व में हुई कथित मारपीट में सिर पर गंभीर चोट लगने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने रवि प्रधान के विरुद्ध दर्ज पूर्व आपराधिक मामलों और आपराधिक इतिहास की भी जांच कराने की मांग की है।

आजाद सिंह ने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ एवं निष्पक्ष अधिकारी से कराने तथा अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button