अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर देश की भावी युवा पीढ़ी के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर देश की भावी युवा पीढ़ी के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

ग्रेटर नोएडा । अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर देश की भावी युवा पीढ़ी के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए महिला उन्नति संस्था की राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार अध्यक्ष डॉ. वंदना सिंह के नेतृत्व में मायरा फाउंडेशन में अध्ययनरत बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन यथार्थ अस्पताल के सहयोग से किया गया।इस अवसर पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि अनु आचार्य पिछले काफी समय से विभिन्न सोसायटियों में कार्यरत घरेलू सहायिकाओं के बच्चों को शिक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। ये बच्चे पहले दिनभर इधर-उधर भटकते रहते थे, लेकिन अब नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।डॉ वंदना सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का स्वस्थ रहना भी अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री वितरण, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।शिविर में बच्चों और उनके अभिभावकों ने इस पहल के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनु आचार्य, रिथि कश्यप, परीक्षिता रावत, रेनू भाटी करुणा, रिंकी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




