11 से 13 अगस्त तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026, तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
11 से 13 अगस्त तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026, तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अतिथि प्रबंधन पर विशेष जोर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनज़र जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाएं, अग्निशमन, कानून-व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और अतिथि सत्कार सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं और विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।उन्होंने कहा कि एक्सपो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक, नीति-निर्माता और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की, सुरक्षित और व्यवस्थित होना आवश्यक है। उन्होंने यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली, पेयजल, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं के साथ-साथ प्रतिनिधियों और अतिथियों के बेहतर स्वागत एवं सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। पहले दिन प्रदर्शनी का शुभारंभ तथा बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े तकनीकी और नीतिगत सत्र आयोजित होंगे। दूसरे दिन सीईओ राउंडटेबल, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट और नई तकनीकों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। अंतिम दिन भविष्य की कार्ययोजना, निवेश साझेदारी, उद्योग-सरकार समन्वय तथा बायोएनर्जी क्षेत्र की नई संभावनाओं पर मंथन के साथ सम्मेलन का समापन होगा। यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) और एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा यूपीनेडा के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य विषय “लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना” रखा गया है, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर तकनीकी सहयोग और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना है।आयोजकों के अनुसार एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि तथा 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में सीबीजी, एथेनॉल, बायोडीजल, एसएएफ, ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, बायो-मोबिलिटी, कार्बन मार्केट और कार्बन कैप्चर जैसी अत्याधुनिक तकनीकों एवं विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक में निदेशक यूपीनेडा रविंद्र सिंह, आईएफजीई के डायरेक्टर जनरल संजय गंजू, एडिशनल पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




