ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 5 सोसायटियों को एनपीसीएल का नोटिस, आंतरिक बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 5 सोसायटियों को एनपीसीएल का नोटिस, आंतरिक बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई हाईराइज सोसायटियों में बार-बार बिजली बाधित होने के पीछे एनपीसीएल (नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड) की सप्लाई नहीं, बल्कि सोसायटियों के आंतरिक बिजली ढांचे की खामियां जिम्मेदार हैं। लगातार शिकायतों और तकनीकी खराबियों को देखते हुए एनपीसीएल ने पांच प्रमुख सोसायटियों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।एनपीसीएल के अनुसार रविवार को निराला ग्रीनशायर सोसायटी में आंतरिक ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसकी ओर से बिजली आपूर्ति सामान्य थी और समस्या पूरी तरह सोसायटी के आंतरिक ट्रांसफॉर्मर में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई। इसके बावजूद एनपीसीएल पर बिजली कटौती के आरोप लगाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी ने सोसायटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर आवश्यक मरम्मत के निर्देश दिए हैं।

इसी दिन आम्रपाली सेंचुरियन पार्क में बिजली पैनल में अत्यधिक नमी और जेएम फ्लोरेंस में बिजली उपकरणों के रखरखाव की कमी से इन्सुलेशन खराब होने के कारण ट्रिपिंग की समस्या सामने आई। दोनों सोसायटियों को भी एनपीसीएल ने नोटिस जारी कर बिजली ढांचे में तत्काल सुधार करने को कहा है।एनपीसीएल ने बताया कि पिछले सप्ताह राधा स्काई गार्डन, अजनारा होम्स और पंचशील ग्रीन-1 में भी एचटी (HT) स्विचगियर में बार-बार तकनीकी खराबी आने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विशेष रूप से पंचशील ग्रीन-1 की खराबी का असर आसपास की अन्य सोसायटियों के उपभोक्ताओं पर भी पड़ा। इन सभी सोसायटियों की मेंटेनेंस टीम और एओए को तकनीकी ऑडिट कराने, एचटी स्विचगियर की जांच, परीक्षण और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।एनपीसीएल का कहना है कि कई बार सोसायटी के अंदर की खराबी के बावजूद निवासियों को यह बताया जाता है कि कंपनी की ओर से बिजली आपूर्ति बंद है, जबकि वास्तविक समस्या सोसायटी परिसर के भीतर मौजूद कमजोर और अपर्याप्त बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर होती है।कंपनी ने बताया कि पिछले वर्ष जारी ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर कई सोसायटियों ने अपने बिजली ढांचे में सुधार किया है, लेकिन कुछ सोसायटियां अब भी आवश्यक तकनीकी सुधार नहीं कर रही हैं। एनपीसीएल ने ऐसे सभी सोसायटी प्रबंधन से समय रहते बिजली व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है, ताकि भविष्य में निवासियों को अनावश्यक बिजली संकट का सामना न करना पड़े।





