कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में गुरु पूर्णिमा का आयोजन श्रद्धा एवं सम्मान के साथ सम्पन्न
कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में गुरु पूर्णिमा का आयोजन श्रद्धा एवं सम्मान के साथ सम्पन्न

ग्रेटर नोएडा। कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिससे पूरे सभागार का वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक हो गया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त संकाय सदस्यों एवं स्टाफ ने संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय श्री एस. के. गोयल जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को स्मरण किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने सभी गुरुजनों, संकाय सदस्यों एवं स्टाफ को सम्मान स्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट किए तथा भावपूर्ण संदेशों के माध्यम से उनके प्रति अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक श्री संदीप गोयल ने अपने संदेश में कहा कि “गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। गुरु का सम्मान हमारी संस्कृति की सबसे मूल्यवान परंपराओं में से एक है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपने गुरुजनों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।”
वहीं शैक्षणिक निदेशक श्रीमती बिंदिया गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि “गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है जो हमें गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सम्मान का संदेश देता है। शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
कार्यक्रम का मंच संचालन काव्या पांडेय ने प्रभावशाली एवं गरिमामय ढंग से किया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, सभी विभागों के संकाय सदस्य एवं समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन सभी संकाय सदस्यों के आशीर्वाद एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को समर्पित एक प्रेरणादायी एवं यादगार अवसर रहा।




