GautambudhnagarGreater noida news

सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन का विशेष जांच अभियान जारी, कोचिंग सेंटर, होटल समेत विभिन्न संस्थानों पर कार्रवाई । संयुक्त टीमों द्वारा कोचिंग सेंटर, होटल एवं अन्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व मानव सुरक्षा मानकों की जांच

सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन का विशेष जांच अभियान जारी, कोचिंग सेंटर, होटल समेत विभिन्न संस्थानों पर कार्रवाई

संयुक्त टीमों द्वारा कोचिंग सेंटर, होटल एवं अन्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व मानव सुरक्षा मानकों की जांच

दो दिवसों में 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण, 09 सील एवं 12 को नोटिस जारी

उप जिलाधिकारी जेवर ने जेवर स्थित 04 होटल का किया निरीक्षण, 01 सील, 03 को नोटिस जारी

गौतमबुद्धनगर।जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर में विभिन्न संस्थानों में अग्नि सुरक्षा एवं मानव सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारियों, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक की संयुक्त टीमों द्वारा कोचिंग सेंटर, होटल एवं अन्य संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं, आवश्यक अभिलेखों, पंजीकरण, अग्निशमन उपकरणों तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों की जांच की जा रही है।उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह व उनकी टीम द्वारा जेवर स्थित बालाजी गेस्ट हाउस, एस आर प्लाजा खुर्जा रोड जेवर, दी ग्रैंड होटल खुर्जा रोड जेवर तथा जेपी वेलवेट होटल खुर्जा रोड जेवर का स्थलीय निरीक्षण किया गया, जिनमें से बालाजी गेस्ट हाउस को कमियां पाए जाने पर मौके पर ही सील किया गया तथा शेष 03 को नोटिस जारी किए गए।  इसी क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों में मानकों के अनुपालन की जांच हेतु विशेष अभियान के तहत आज विभिन्न क्षेत्रों में कुल 46 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न होने एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं पाए जाने पर 05 कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील किया गया। वहीं नोएडा सेक्टर-16 एवं सेक्टर-18 क्षेत्र में 12 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 02 संस्थानों को सील किया गया।नोएडा सेक्टर-22 क्षेत्र में 04 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 02 संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया गया कि आवश्यक अभिलेख एवं निर्धारित मानकों की पूर्ति होने तक किसी भी प्रकार की कोचिंग गतिविधि संचालित न की जाए। इसके अतिरिक्त नोएडा सेक्टर-58 एवं सेक्टर-62 क्षेत्र में भी 06 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया।

जनपद में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत दो दिवसों में कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें से 09 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है तथा 12 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी संस्थानों के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, भवन सुरक्षा, मानव सुरक्षा, आवश्यक अनुमतियों, पंजीकरण एवं अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, अभिलेखों की कमी अथवा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में यह विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button