GautamBuddhaUniversityGautambudhnagarGreater noida news

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में एनएसजी कमांडोज़ का दमदार प्रदर्शन, कैडेटों ने सीखे राष्ट्रीय सुरक्षा के गुर

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में एनएसजी कमांडोज़ का दमदार प्रदर्शन, कैडेटों ने सीखे राष्ट्रीय सुरक्षा के गुर

ग्रेटर नोएडा । गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में संचालित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-130) के अंतर्गत बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा विशेषज्ञ व्याख्यान एवं लाइव सामरिक प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसजी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कमांडोज़ ने कैडेटों को राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी अभियानों तथा विशेष सुरक्षा अभियानों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

विश्वविद्यालय के प्रैक्टिस ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रिगेडियर शंकर जी तिवारी, वीएसएम, डीआईजी (ऑपरेशंस), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड ने कैडेटों को संबोधित करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेटों को अपने जीवन में समर्पण, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।

इसके उपरांत एनएसजी कमांडोज़ ने विभिन्न सामरिक तकनीकों, त्वरित प्रतिक्रिया अभियानों, रेस्क्यू ऑपरेशनों एवं विशेष सुरक्षा कौशलों का जीवंत प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कमांडोज़ द्वारा प्रदर्शित दक्षता, समन्वय एवं साहस ने उपस्थित कैडेटों को अत्यंत प्रभावित किया। कैडेटों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए एनएसजी की कार्यप्रणाली से संबंधित अनेक जानकारियां प्राप्त कीं।कार्यक्रम में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभक्ति को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनएसजी जैसे प्रतिष्ठित सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं कमांडोज़ से संवाद युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है तथा उनमें आत्मविश्वास एवं अनुशासन की भावना को मजबूत बनाता है।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, स्कूल ऑफ वोकेशनल स्टडीज़ एंड एप्लाइड साइंसेज़ के डीन प्रो. चन्द्र कुमार सिंह, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज़ के डीन प्रो. माधव गोविन्द, उप कुलसचिव प्रो. उत्तम कुमार, सहायक आचार्य डॉ. गौरव कुमार तथा विश्वविद्यालय एनसीसी समन्वयक एवं सहायक आचार्य डॉ. नितेश सिंह भाटी उपस्थित रहे।37 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संदीप पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष डोगरा तथा समस्त पीआई स्टाफ एवं एनसीसी प्रशिक्षण स्टाफ ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उल्लेखनीय है कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 10 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित CATC-130 शिविर में लगभग 620 एनसीसी कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। एनएसजी के विशेषज्ञ व्याख्यान एवं लाइव प्रदर्शन ने कैडेटों को राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर प्रदान किया तथा उनमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व एवं सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Related Articles

Back to top button