धर्मेंद्र भारद्वाज ने भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता परमानंद कौशिक को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया विधायक प्रतिनिधि
धर्मेंद्र भारद्वाज ने भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता परमानंद कौशिक को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया विधायक प्रतिनिधि

हापुड़। मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय प्राधिकरण क्षेत्र के सदस्य विधान परिषद (MLC) धर्मेंद्र कुमार भारद्वाज ने भाजपा के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता परमानंद कौशिक को जनपद हापुड़ का अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इस संबंध में जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी हापुड़ को अवगत कराया गया है कि उनकी गैरमौजूदगी में परमानंद कौशिक जनपद में आयोजित आवश्यक शासकीय बैठकों, विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों में समन्वय एवं सहयोग प्रदान करेंगे। जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील के ग्राम डोमाटीकरी निवासी परमानंद कौशिक लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित एवं जमीनी कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। बिना किसी औपचारिक जिम्मेदारी के भी उन्होंने वर्षों तक संगठन और पार्टी हित में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हापुड़ के साथ-साथ मेरठ, गाजियाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर में भी उनका खासा प्रभाव माना जाता है। सामाजिक गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यों एवं जनसंपर्क के माध्यम से उन्होंने भाजपा की विचारधारा को मजबूती से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि परमानंद कौशिक एक कर्मठ, ईमानदार और संगठननिष्ठ कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा साबित की है। उन्होंने विश्वास जताया कि कौशिक जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देने में भी प्रभावी भूमिका निभाएंगे। वहीं विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने पर परमानंद कौशिक ने एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, भारतीय जनता पार्टी एवं शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी और वरिष्ठ नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा, मेहनत और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जनता की समस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे।




