बीजेपी के संगठन विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को तवज्जो की मांग,विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की होगी अहम भूमिका
बीजेपी के संगठन विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को तवज्जो की मांग,विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की होगी अहम भूमिका

ग्रेटर नोएडा । भारतीय जनता पार्टी के द्वारा संगठन विस्तार की तैयारी की जा रही है। जिसका प्रमुख कारण है मजबूत संगठन ही चुनाव में बड़ी जीत का द्वार खोलेगा। संगठन के बड़ों पदों जैसे उप मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदों पर पूर्वी यूपी के नेताओं को तवज्जो दी गई। इस कारण पश्चिमी यूपी के कार्यकर्ताओं में अंदरखाने कुछ नाराजगी है। कार्यकर्ताओं में अंदरखाने चर्चा होने लगी है कि संगठन विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अधिक वरीयता मिलनी चाहिए। चुनाव की तैयारी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटों पर सपा ने अपनी निगाह गड़ा दी है। ऐसे में सपा को चारों खाने चित करने के लिए भाजपा को संगठन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नेताओं को अहम पदों पर बड़ी जिम्मेदारी देनी होगी। यदि भाजपा ऐसा करती है तो विधानसभा चुनाव-2027 में पश्चिमी यूपी में वह और बड़ी जीत की तरफ बढ़ेगी। वर्तमान में भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की निगाह संगठन विस्तार पर टिक गई है। पार्टी से सभी को बड़ी उम्मीदें हैं। जिसका प्रमुख कारण है कि उन्होंने वर्षों से पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष किया है। पार्टी के द्वारा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी देने के लिए नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। कार्यकर्ताओं को लग रहा है कि इन पदों पर पूर्व उत्तर प्रदेश के नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है। इस कारण कार्यकर्ताओं के बीच अंदरखाने तमाम चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता हाशिए पर धकेले जा सकते हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से बड़ी उम्मीद है। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि पार्टी में पंकज चौधरी के बढ़ते कद की वजह से संगठन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। देखना है अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा क्षेत्रीय व सामाजिक समीकरण को किस तरह से साधती है।




