दादरी में 29 मार्च को अखिलेश यादव ‘समाजवादी सामान्य भाईचारा रैली’ को करेंगे संबोधित,हजारों लोग होंगे शामिल
दादरी में 29 मार्च को अखिलेश यादव ‘समाजवादी सामान्य भाईचारा रैली’ को करेंगे संबोधित,हजारों लोग होंगे शामिल

ग्रेटर नोएडा | आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी 29 मार्च 2026 को दादरी में ‘समाजवादी सामान्य भाईचारा रैली’ का आयोजन करने जा रही है, जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। आयोजकों का दावा है कि भीड़ के लिहाज से यह रैली ऐतिहासिक होगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने वाली साबित हो सकती है। ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में रैली की आयोजक राजकुमारी भाटी ने बताया कि इस रैली में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की लगभग 140 विधानसभा क्षेत्रों से लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद साबित होगी।राजकुमारी भाटी ने बताया कि रैली में सर्वधर्म, सर्वजाति और सर्व समाज के लोग शामिल होंगे, हालांकि इसमें पीडीए समाज की भागीदारी अधिक रहेगी। उन्होंने बताया कि पीडीए में पिछड़ा, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और आधी आबादी के साथ-साथ सामान्य वर्ग के वे लोग भी शामिल हैं, जो भाजपा शासन में स्वयं को पीड़ित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि रैली की तैयारियां अगस्त 2025 से चल रही हैं। इस दौरान 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए चौपाल का आयोजन किया गया है। इन चौपालों के माध्यम से पिछड़े वर्गों में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ ही रैली को सफल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत टीमों का गठन किया गया है। जिला और विधानसभा स्तर पर रैली प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई है। उन्होंने बताया कि रैली के प्रबंधन की जिम्मेदारी गुर्जर समाज के लोग संभालेंगे, जिससे प्रदेश की राजनीति में गुर्जर समाज को एक नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि दादरी में होने वाली यह रैली ऐतिहासिक साबित होगी। रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। जिला संगठन ने इसे सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है और संगठन के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली के बाद प्रदेश में परिवर्तन की लहर तेज होगी और एक बार फिर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी, चौधरी गजराज नागर, पूर्व जिला अध्यक्ष इंदर प्रधान, वीर सिंह यादव, फकीर चंद नागर, डॉ. महेंद्र नागर, सुनील चौधरी, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, सुनील भाटी देवटा, नरेंद्र नागर, कृशांत भाटी, देवेंद्र टाइगर, विकास जतन भाटी, विनोद लोहिया, विकास यादव, नवीन भाटी, अक्षय चौधरी, विक्रम टाइगर, सुभाष भाटी, अनूप तिवारी और हरीश खारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे




