GautambudhnagarGreater noida news

आई० टी० एस० डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में “पीरियोडॉन्टिस्ट डे” का हुआ आयोजन 

आई० टी० एस० डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में “पीरियोडॉन्टिस्ट डे” का हुआ आयोजन 

ग्रेटर नोएडा। पीरियोडॉन्टिक्स विभाग, आई.टी.एस डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर द्वारा 23 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय पीरियोडॉन्टिस्ट दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह दिवस उस ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में मनाया जाता है जब इंडियन सोसाइटी ऑफ पीरियोडॉन्टोलॉजी की स्थापना हुई थी। इस अवसर पर संस्थान में विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया गया।इस अवसर पर विशेष ऑनलाइन विशेषज्ञ वेबिनार का आयोजन भी किया गया, जिसमें डीएवी डेंटल कॉलेज की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. निम्फिया पंडित मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने ‘स्केलिंग और रूट प्लानिंग से आगे पीरियोडॉन्टिक्स’ विषय पर व्याख्यान दिया, जिसमें आधुनिक उपचार पद्धतियों और उन्नत तकनीकों पर प्रकाश डाला गया। वेबिनार में विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान पीरियोडॉन्टिक्स विभाग की विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. गुंजन गुप्ता ने मरीजों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मौखिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मसूड़ों का स्वास्थ्य संपूर्ण शारीरिक स्वास्थ्य से गहराई से जुड़ा हुआ है तथा नियमित दंत परीक्षण, सही ब्रशिंग तकनीक और फ्लॉसिंग की आदत से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।संस्थान के प्राचार्य एवं वरिष्ठ पीरियोडॉन्टिस्ट डॉ. सचित आनंद अरोरा ने अपने उद्बोधन में पीरियोडॉन्टिस्ट की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मसूड़ों की बीमारियों का प्रभाव केवल मुख तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह हृदय रोग, मधुमेह एवं अन्य रोगों से भी संबंधित हो सकता है। उन्होंने सभी को मौखिक स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।पूरे दिन विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, मरीजों के लिए शिक्षाप्रद वीडियो प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत जानकारीपूर्ण नुक्कड़ नाटक शामिल रहे। इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य पीरियोडॉन्टल स्वास्थ्य एवं समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था।निःशुल्क दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मरीजों को मौखिक स्वच्छता के नमूने वितरित किए गए तथा सही ब्रशिंग एवं फ्लॉसिंग तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में मरीजों ने इस शिविर का लाभ उठाया।आई.टी.एस. द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन सोहेल चड्ढा ने विभाग द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

Related Articles

Back to top button