सेंट जोसेफ स्कूल में टैलेंटिया-2026 का आयोजन, 15 विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर | जिलाधिकारी मेधा रूपम ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, आठ विधाओं में प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
सेंट जोसेफ स्कूल में टैलेंटिया-2026 का आयोजन, 15 विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, आठ विधाओं में प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में शनिवार को एसजेएस टैलेंटिया-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, हाथरस, अलीगढ़ और आगरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के 15 विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी, प्रबंधक फादर एंड्रयू कोरिया, फादर सबस्टिन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, रचनात्मक सोच विकसित करने और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना था। प्रतियोगिता प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी के निर्देशन में आयोजित हुई। इसके सफल संचालन की जिम्मेदारी कंप्यूटर विशेषज्ञ सौरभ कुमार शर्मा और शशि शर्मा को सौंपी गई। विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में आठ अलग-अलग विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें समूह गान के लिए ‘स्वरांजलि’, अदालती सुनवाई एवं दृष्टिकोण प्रस्तुति के लिए ‘कैरेक्टर हियरिंग’, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए ‘फ्रेम द फेम’, कला के लिए ‘स्ट्रोक्स रूलेट’, तालमेल एवं समस्या समाधान पर आधारित ‘सिनर्जी स्पाइस’, विज्ञान प्रतियोगिता ‘क्वांटम क्वेस्ट’, मोबाइल फोन के उपयोग से जुड़ी ‘ट्रिगर टैक्टिक्स’ और सर्वश्रेष्ठ टीम चयन के लिए ‘पावर प्ले ऑक्शन’ शामिल रहे। सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मेधा रूपम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेहनत, लगन और बड़े सपने देखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास और परिश्रम आवश्यक हैं, क्योंकि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने सपनों को साकार करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जीवन में कोई भी कदम उठाते समय समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति के हितों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के परिणामों में समूह गान की ‘स्वरांजलि’ विधा में ग्रेटर नोएडा के अर्सलाइन कॉन्वेंट विद्यालय ने प्रथम, बेथनी कॉन्वेंट विद्यालय ने द्वितीय और गाजियाबाद के सेंट एंटनी विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘फ्रेम द फेम’ के अंतर्गत फोटोग्राफी प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा प्रथम, सेंट फिदेलीस स्कूल, अलीगढ़ द्वितीय और बेथनी कॉन्वेंट विद्यालय, ग्रेटर नोएडा तृतीय स्थान पर रहा। वीडियोग्राफी में सेंट फिदेलीस विद्यालय, अलीगढ़ ने प्रथम, दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने द्वितीय और सेंट डोमिनिक विद्यालय, मथुरा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विज्ञान प्रतियोगिता ‘क्वांटम क्वेस्ट’ में जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट विद्यालय, ग्रेटर नोएडा प्रथम, समरविल विद्यालय, ग्रेटर नोएडा द्वितीय और होली पब्लिक विद्यालय, ग्रेटर नोएडा तृतीय स्थान पर रहा। वहीं, ‘ट्रिगर टैक्टिक्स’ प्रतियोगिता में भी जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट विद्यालय ने प्रथम, समरविल विद्यालय ने द्वितीय और होली पब्लिक विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शेष प्रतियोगिताओं के परिणाम समाचार लिखे जाने तक घोषित नहीं हुए थे।
प्रतियोगिता में विजेताओं का निष्पक्ष चयन करने के लिए विद्यालय के ऐसे पूर्व विद्यार्थियों को निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया, जो संबंधित क्षेत्रों में पेशेवर रूप से कार्यरत हैं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतिभागियों और अन्य अतिथियों के जलपान एवं भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ टीम भावना, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिला।




