कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक
कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक

दनकौर। मूँजखेड़ा, दनकौर स्थित देवीचरण जगवती देवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा एवं साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों एवं विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।कार्यक्रम में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. यजदानी हसन एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग शिक्षा सहित विभिन्न सकारात्मक कार्यों में किस प्रकार किया जा सकता है। साथ ही विद्यार्थियों को तकनीक का जिम्मेदारी और सावधानी के साथ प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद क्राइम फ्री इंडिया फोर्स के संस्थापक शिवराज स्वराज ने विद्यार्थियों को अपराध से बचाव एवं अपराध की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल जिम्मेदार व्यक्ति अथवा पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।वहीं, थाना कोतवाली दनकौर की साइबर टीम की ओर से उपनिरीक्षक अनुराग मिश्रा एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, एक बार इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड, पासवर्ड एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ तकनीक और साइबर सुरक्षा की जानकारी देना भी बेहद जरूरी है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थी बदलती तकनीकी चुनौतियों को समझ सकें और डिजिटल संसाधनों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग कर सकें।कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक अशोक कुमार, प्रबंधक हरीश शर्मा सहित धीरज, राजकुमार, आजाद, खुशबू, खुशी, मीनाक्षी, प्रिया, प्रिया तिवारी, अंजलि, अन्नू, गुलफसा, रुक्सार, सीमा, अनीता, मधु सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति बच्चों को जागरूक करने की इस पहल की सराहना की।




