समीर शर्मा ने एनटीपीसी दादरी के परियोजना प्रमुख का कार्यभार संभाला
समीर शर्मा ने एनटीपीसी दादरी के परियोजना प्रमुख का कार्यभार संभाला

दादरी। समीर शर्मा, कार्यकारी निदेशक, ने 5 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी दादरी के परियोजना प्रमुख का कार्यभार संभाल लिया। एनटीपीसी में 38 वर्षों से अधिक के अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रचालन, परियोजना प्रबंधन, तकनीकी कार्यों और कॉर्पोरेट नेतृत्व के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अनुभव हासिल किया है।
समीर शर्मा ने वर्ष 1988 में रविशंकर विश्वविद्यालय, रायपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बी.ई. की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी दिल्ली से प्रबंधन एवं प्रणाली में एम.टेक. की शिक्षा पूरी की।उन्होंने 24 अगस्त 1988 को एनटीपीसी में कार्यकारी प्रशिक्षु के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन, अनुरक्षण, प्रचालन एवं अनुरक्षण, परियोजना प्रबंधन, कॉर्पोरेट कार्यों और सूचना प्रौद्योगिकी सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारियां संभालीं।
विंध्याचल, बरौनी और सिम्हाद्रि जैसी प्रमुख विद्युत परियोजनाओं में कार्य करने के साथ-साथ वे सिम्हाद्रि में परियोजना प्रमुख और नोएडा स्थित एनटीपीसी कॉर्पोरेट सेंटर में आईटी विभाग प्रमुख की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
परियोजना प्रमुख के रूप में उनके व्यापक अनुभव, तकनीकी विशेषज्ञता और प्रबंधकीय दक्षता से एनटीपीसी दादरी में परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा, टीमवर्क और संगठनात्मक प्रदर्शन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।




