सेंट जोसेफ विद्यालय में प्रदर्शनी के दूसरे दिन उमड़ा अभिभावकों का उत्साह, विद्यार्थियों की प्रतिभा को सराहा
सेंट जोसेफ विद्यालय में प्रदर्शनी के दूसरे दिन उमड़ा अभिभावकों का उत्साह, विद्यार्थियों की प्रतिभा को सराहा

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर अल्फा-वन स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में चल रही दो दिवसीय प्रदर्शनी का शनिवार को समापन हुआ। प्रदर्शनी के दूसरे दिन कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रदर्शों का अवलोकन किया और उनके चहुमुखी विकास की सराहना की। इसी दौरान प्रथम सत्रीय परीक्षाओं के परिणाम भी घोषित किए गए।
प्रदर्शनी में कला, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, वाणिज्य एवं बहीखाता तथा अर्थशास्त्र जैसे विषयों से जुड़े मॉडल और कार्यशील प्रदर्श प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अभिभावकों को अपने प्रदर्शों की जानकारी दी और उनसे जुड़े सवालों के आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए।प्रदर्शनी की खास बात यह रही कि अधिकांश प्रदर्श केवल मॉडल के रूप में नहीं, बल्कि कार्यशील रूप में तैयार किए गए थे। विद्यार्थियों ने ‘कबाड़ से जुगाड़’ की अवधारणा को भी साकार करते हुए कम खर्च में उपयोगी और आकर्षक प्रदर्श तैयार किए, जिन्हें अभिभावकों ने खूब सराहा।हिंदी में आदिकाल से आधुनिक काल तक के साहित्य, प्रमुख लेखकों और कवियों की कृतियों को प्रदर्शित किया गया। सामाजिक विज्ञान में प्राचीन काल से वर्तमान तक के सामाजिक बदलाव और विभिन्न शासकों की जानकारी दी गई। विज्ञान में भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान की मूलभूत अवधारणाओं के साथ उनके आधुनिक अनुप्रयोग दिखाए गए। कंप्यूटर विज्ञान में रोबोटिक्स, कंप्यूटर के अनुप्रयोग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित प्रदर्श आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं अर्थशास्त्र में मूलभूत आर्थिक अवधारणाओं से लेकर शेयर बाजार और औद्योगिक विकास तक की जानकारी प्रस्तुत की गई।प्रदर्शनी करीब 20 से 22 कमरों के साथ प्रार्थना सभा परिसर के खुले मैदान तक फैली हुई थी। दोनों दिनों विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने विद्यार्थियों और प्रदर्शनी में जुटे सभी सदस्यों के जलपान एवं खानपान का विशेष ध्यान रखा।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने कहा कि प्रदर्शनी की सफलता सभी के कठिन परिश्रम, समर्पण और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यही सेंट जोसेफ परिवार की शक्ति है और समाज में भी हर प्रकार के भेदभाव को मिटाकर इसी एकजुटता की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदर्शनी की सफलता पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी।




