बिल भुगतान में निरंतरता पर एनपीसीएल ने 61,080 उपभोक्ताओं को किया सम्मानित
बिल भुगतान में निरंतरता पर एनपीसीएल ने 61,080 उपभोक्ताओं को किया सम्मानित

ग्रेटर नोएडा। नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने ग्रेटर नोएडा में अपने लाइसेंस क्षेत्र में आयोजित ‘उपभोक्ता पखवाड़ा-2026’ का सफलतापूर्वक समापन किया। दो सप्ताह तक चले इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं से सीधे संवाद, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान तथा सुरक्षित और समझदारी से बिजली के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।पखवाड़े के दौरान नियमित और जिम्मेदारी से बिजली बिल का भुगतान करने वाले 61,080 उपभोक्ताओं को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें 29,676 गोल्ड, 13,998 सिल्वर और 17,406 ब्रॉन्ज श्रेणी के उपभोक्ता शामिल रहे। वहीं, लंबे समय से बकाया राशि का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को उपहार वाउचर देकर प्रोत्साहित किया गया।अभियान के तहत ग्राहक सेवा केंद्रों पर उपभोक्ताओं की शिकायतों और सुझावों को सीधे सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। ‘12 दिन, 12 बदलाव’ अभियान के माध्यम से बिजली बचत, ऊर्जा दक्षता और सुरक्षित बिजली उपयोग से जुड़े उपयोगी सुझाव भी दिए गए।पखवाड़े की शुरुआत 15 सितंबर को आयोजित ग्राहक संपर्क कार्यक्रम से हुई, जिसमें 17 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के 43 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एनपीसीएल ने डिजिटल माध्यम से संवाद बढ़ाने के लिए यूट्यूब लाइव सत्र भी आयोजित किया।एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि उपभोक्ताओं के सुझावों और समस्याओं पर कार्रवाई कर उनके विश्वास को और मजबूत करना कंपनी की प्राथमिकता है। कंपनी भविष्य में भी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।




