साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने चौकी प्रभारी से की मुलाकात
साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने चौकी प्रभारी से की मुलाकात
सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और दीपावली से पहले संयुक्त सुरक्षा बैठक आयोजित करने पर हुई चर्चा

ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने कासना स्थित साइट-5 पुलिस चौकी के प्रभारी राजा हर्षवर्धन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा उद्यमियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रिकालीन पुलिस गश्त को अधिक प्रभावी बनाने और उद्योगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इसके साथ ही दीपावली से पहले उद्यमियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त सुरक्षा बैठक आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि त्योहार के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने चौकी प्रभारी राजा हर्षवर्धन द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस कार्रवाई के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने उद्यमियों को सुरक्षित औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, संयुक्त सचिव विकास राय, वरिष्ठ उद्यमी प्रमोद झा और उपाध्यक्ष अनूप सिंह उपस्थित रहे।




