ग्रेटर नोएडा की हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में सनसनी : पति बेंगलुरु में, विला में घुसे बदमाश ने महिला को बंधक बनाकर लाखों की लूट की
ग्रेटर नोएडा की हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में सनसनी: पति बेंगलुरु में, विला में घुसे बदमाश ने महिला को बंधक बनाकर लाखों की लूट की

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में देर रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। एक बदमाश विला में घुस गया और चाकू की नोक पर महिला को बंधक बनाकर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में दहशत का माहौल है।पीड़िता अर्पणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट, यूपीएसआईडीसी साइट-सी में अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके पति काम के सिलसिले में बेंगलुरु गए हुए थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। तड़के करीब 3:30 बजे एक अज्ञात बदमाश उनके मास्टर बेडरूम में घुस आया। उस समय वह अपने बेटे और बेटी के साथ कमरे में थीं, जबकि उनकी सास नीचे के कमरे में सो रही थीं। महिला के मुताबिक, बदमाश के हाथ में चाकू था। उसने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कही। भय के कारण महिला विरोध नहीं कर सकीं, जिसके बाद आरोपी घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी समेटकर फरार हो गया। तहरीर के अनुसार, बदमाश दो सोने की चेन, दो अंगूठियां, कानों के दो जोड़े समेत अन्य सोने के आभूषण और 35 हजार रुपये की नकदी ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पीड़िता का कहना है कि घर में केवल एक ही बदमाश घुसा था और उन्होंने उसका चेहरा देखा है। दोबारा सामने आने पर वह उसकी पहचान कर सकती हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा बदमाश के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।




