राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में मनाया गया पैथोलॉजी विभाग का स्थापना दिवस
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में मनाया गया पैथोलॉजी विभाग का स्थापना दिवस

ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में पैथोलॉजी विभाग का स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर “हेमेटोलिम्फॉइड पैथोलॉजी का विश्लेषण” विषय पर विशेष व्याख्यान एवं प्रत्यक्ष स्लाइड अध्ययन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रिगेडियर डॉ. तथागत चटर्जी के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। संस्थान के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश गुप्ता ने अपने संबोधन में संस्थान में प्रारंभ की जा रही अति विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अति विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विभागों में संकाय सदस्यों के पद सृजित किए गए हैं। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में सटीक एवं व्यक्तिगत चिकित्सा पद्धति के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक रोगी के लिए सटीक एवं व्यक्तिगत उपचार सुनिश्चित करने में पैथोलॉजी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में संस्थान की अधिष्ठाता डॉ. रंभा पाठक, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रज मोहन सहित संस्थान के विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।इस अवसर पर हेमेटोलिम्फॉइड विकारों के निदान से संबंधित विशेषज्ञ व्याख्यान के साथ प्रत्यक्ष स्लाइड अध्ययन सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों को आधुनिक रोग-विज्ञान तकनीकों तथा स्लाइड के माध्यम से रोगों की पहचान एवं व्याख्या की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इससे स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं नैदानिक कौशल को और अधिक विकसित करने का अवसर मिला।पैथोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी कल्हन ने विभाग की उपलब्धियों एवं विभिन्न कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि रोगों के सही एवं समयबद्ध निदान में पैथोलॉजी की केंद्रीय भूमिका है। बेहतर रोगी देखभाल के लिए पैथोलॉजी विभाग का सुदृढ़ एवं आधुनिक होना आवश्यक है। उन्होंने विभाग द्वारा रोगियों की सेवा के साथ-साथ शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में किए जा रहे कार्यों को भी रेखांकित किया।कार्यक्रम के अंत में केक काटकर पैथोलॉजी विभाग का स्थापना दिवस मनाया गया। आयोजन ने चिकित्सकों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ आधुनिक रोग-विज्ञान एवं सटीक व्यक्तिगत चिकित्सा की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।




