सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग चैंपियनशिप में निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन, मेजबान जेपी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने भी बिखेरा जलवा
सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग चैंपियनशिप में निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन, मेजबान जेपी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने भी बिखेरा जलवा

ग्रेटर नोएडा।जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग चैंपियनशिप 2026–27 के तीसरे दिन विभिन्न आयु वर्गों की एयर राइफल एवं एयर पिस्टल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा तथा अन्य राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच पूरे दिन अत्यंत रोमांचक एवं उच्च स्तरीय मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने धैर्य, एकाग्रता, तकनीकी दक्षता तथा मानसिक मजबूती का शानदार प्रदर्शन किया।अंडर-14 एयर पिस्टल वर्ग में माही त्यागी (एसएमटी ब्रह्मा देवी एस.बी.वी. मंदिर, हापुड़) ने 375 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अदिति (ग्रोवेल स्कूल, बड़ौत, बागपत) ने 363 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-14 एयर राइफल वर्ग में आन्वी सिंह (एसएजे स्कूल, सेक्टर-14सी, वसुंधरा, गाजियाबाद) ने शानदार 395 अंक बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्मायरा कात्यायन (कोठारी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-50, नोएडा) ने 389 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।अंडर-17 एयर पिस्टल वर्ग में अनाया जैन (शिव नादर स्कूल, सेक्टर-168, नोएडा) ने 378 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गायत्री मित्तल (दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिद्धार्थ विहार, गाज़ियाबाद) ने 370 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।अंडर-17 एयर राइफल वर्ग में खुशी चौधरी (आर्मी पब्लिक स्कूल, आगरा कैंट) ने शानदार 398 अंक बनाकर दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं सोम्या त्यागी (एसएमटी ब्रह्मा देवी एस.बी.वी. मंदिर, हापुड़) ने 395 अंक अर्जित कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।अंडर-19 एयर पिस्टल** वर्ग में मेजबान विद्यालय *जयपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की खिलाड़ी अक्षिता शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 371 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अभिलाषा शर्मा (तुलसीराम महेश्वरी पब्लिक स्कूल, मोदीनगर) ने 367 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।अंडर-19 एयर राइफल वर्ग में माही चौधरी (एसएमटी ब्रह्मा देवी एस.बी.वी. मंदिर, हापुड़) ने 395 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रुमैसा आलिया (दिल्ली पब्लिक स्कूल, गामा, ग्रेटर नोएडा) ने 392 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता के दौरान सभी मुकाबले नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) एवं सीबीएसई के तकनीकी नियमों के अनुरूप अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जा रहे हैं। प्रतिभागियों के लिए आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टार्गेट प्रणाली, हथियार निरीक्षण, तकनीकी सहायता, चिकित्सा सुविधा, विश्राम कक्ष, जलपान तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।विद्यालय की प्राचार्या मीता भंडुला ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि शूटिंग ऐसा खेल है जो विद्यार्थियों में धैर्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता तथा निर्णय क्षमता का विकास करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं तथा उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करती हैं।विद्यालय की एचओडी (शारीरिक शिक्षा एवं खेल) एवं आयोजन सचिव नीरज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन सीबीएसई एवं एनआरएआई के निर्धारित मानकों के अनुरूप अत्यंत सफलतापूर्वक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का संपूर्ण तकनीकी संचालन शूटिंग प्रतियोगिता प्रभारी आकाश शर्मा के नेतृत्व में ओलंपियन दीपक कुमार की तकनीकी देखरेख एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है। वहीं प्रतियोगिता के समग्र संचालन एवं समन्वय में सचिन कुमार एवं कमल सिंह रावत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनके साथ तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, स्कोरिंग टीम, रेंज अधिकारियों, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों के समर्पित सहयोग से प्रतियोगिता का प्रत्येक चरण निर्धारित समयानुसार, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है। आगामी दिनों में सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों में उत्तर भारत के सर्वश्रेष्ठ युवा निशानेबाजों के बीच पदकों के लिए रोमांचक संघर्ष देखने को मिलेगा, जिससे दर्शकों को उच्च स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आनंद प्राप्त होगा।




