जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम दनकौर का किया औचक निरीक्षण, वृद्धजनों से संवाद कर जानी सुविधाओं की स्थिति
जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम दनकौर का किया औचक निरीक्षण, वृद्धजनों से संवाद कर जानी सुविधाओं की स्थिति
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, खान-पान, पेयजल एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर रखने के दिये निर्देश

गौतमबुद्धनगर।जिलाधिकारी द्वारा समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित वृद्धाश्रम, दनकौर का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों से संवाद करते हुए उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, खान-पान, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वृद्धजनों से उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धजनों की सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम परिसर की साफ-सफाई, रसोईघर, स्टोर रूम, खान-पान, सीसीटीवी, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्टोर रूम के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वाटर कूलर के पानी की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को सुचारु एवं क्रियाशील रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी सुविधा में कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत वृद्धाश्रम परिसर दो दिवस में सीसीटीवी स्थापित कराने तथा उसका एक्सेस कलेक्ट्रेट में दिए जाने के निर्देश दिए, जिससे परिसर की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को वृद्धजनों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, खान-पान, सुरक्षा एवं दैनिक आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा एवं सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धजनों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ दिलाने के उद्देश्य से वृद्धाश्रम में शिविर आयोजित कर पात्र वृद्धजनों को योजनाओं से जोड़ा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम के समीप स्थित खाली भूमि पर पड़े कूड़े-कचरे का भी संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा-कचरा डाले जाने पर प्रभावी रोक लगाने तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा वृद्धाश्रम में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि यहां निवासरत वृद्धजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




