सेंट जोसेफ विद्यालय में होगी सीआईएससीई राष्ट्रस्तरीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता, 540 खिलाड़ी लेंगी हिस्सा
सेंट जोसेफ विद्यालय में होगी सीआईएससीई राष्ट्रस्तरीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता, 540 खिलाड़ी लेंगी हिस्सा

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में गुरुवार से सीआईएससीई राष्ट्रस्तरीय बालिका वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आगाज होगा। प्रतियोगिता के आयोजन से एक दिन पूर्व बुधवार को विद्यालय परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रतियोगिता की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न समाचार पत्रों तथा हिंदी और अंग्रेजी समाचार चैनलों से जुड़े पत्रकारों ने हिस्सा लिया। विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी, खेल विभाग के अध्यक्ष एवं खेल गतिविधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षक मनीष तिवारी, मीडिया प्रभारी हेमलता शर्मा तथा वेद प्रकाश सारस्वत प्रेस कांफ्रेंस में शामिल हुए ।प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने बताया कि 27 से 29 अगस्त तक तीन दिवसीय राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के लगभग सभी राज्यों से करीब 540 बालिका खिलाड़ी और 90 प्रशिक्षक हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार सुबह करीब 8 बजे किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी अमित डागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, समापन समारोह को एशिया महाद्वीप की सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय महिला बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने पत्रकारों से अपील की कि देश के विभिन्न हिस्सों से उभर रही खेल प्रतिभाओं और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को समाचारों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है और इससे देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देशभर से आने वाली खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के स्वागत तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।




