GautambudhnagarGreater noida news

यमुना प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, चपरगढ़ में 250 करोड़ की सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

यमुना प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, चपरगढ़ में 250 करोड़ की सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

ग्रेटर नोएडा। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को अधिसूचित क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रवर्तन अभियान चलाते हुए ग्राम चपरगढ़ में लगभग 50,000 वर्गमीटर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 250 करोड़ रुपये बताया गया है।यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान ग्राम चपरगढ़ स्थित 60 मीटर ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाकर भूमि को दोबारा प्राधिकरण के कब्जे में लिया गया। यह भूमि प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है, जिस पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था।प्राधिकरण के अनुसार, मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य ₹50,000 प्रति वर्गमीटर के हिसाब से लगभग 250 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई अधिसूचित क्षेत्र में नियोजित विकास कार्यों को गति देने और सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अभियान में उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, हरी प्रताप सिंह एवं शिव अवतार सिंह सहित प्राधिकरण के प्रोजेक्ट, भूलेख और प्रवर्तन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पीएसी और भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, जिसके सहयोग से कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र या प्राधिकरण की कब्जा प्राप्त भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अवैध निर्माण या अवैध कॉलोनी का विकास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी

Related Articles

Back to top button