कैलाश हॉस्पिटल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताए बीमारियों से बचाव के उपाय
कैलाश हॉस्पिटल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताए बीमारियों से बचाव के उपाय

ग्रेटर नोएडा। वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और बढ़ती उम्र में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताने के उद्देश्य से कैलाश हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा की ओर से सीनियर सिटीजन्स सोसाइटी के सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अस्पताल के लेक्चर हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उनकी समस्याओं का समाधान किया।कार्यक्रम में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने प्रोस्टेट की समस्या, हर्निया, पित्त की पथरी, फैटी लिवर, उच्च रक्तचाप से मस्तिष्क में रक्तस्राव, घुटनों का दर्द, गठिया तथा जलने और चेहरे पर चोट लगने जैसी स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी।डॉ. समीर प्रभाकर ने जलने और चेहरे पर चोट लगने की स्थिति में उचित प्राथमिक उपचार एवं समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी। वहीं डॉ. विकास शर्मा ने बढ़ती उम्र में होने वाली प्रोस्टेट संबंधी समस्याओं के लक्षणों और समय पर उपचार के महत्व को समझाया।डॉ. निकुंज बंसल ने हर्निया और पित्त की पथरी के लक्षणों की जानकारी देते हुए समय पर जांच कराने पर जोर दिया। डॉ. पंकज कुमार ने फैटी लिवर से बचाव के लिए संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।इसके अलावा डॉ. हेमंत कुमार ने अनियंत्रित उच्च रक्तचाप से मस्तिष्क में होने वाले रक्तस्राव के खतरों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नियमित रूप से रक्तचाप की जांच कराने और किसी भी गंभीर लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की बात कही। डॉ. भरत दुर्गा ने घुटनों के दर्द और गठिया से बचाव के लिए उचित व्यायाम, वजन नियंत्रण और समय पर उपचार को महत्वपूर्ण बताया।इस अवसर पर कैलाश हेल्थकेयर की डायरेक्टर डॉ. संगीता गर्ग ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाना और बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना है।वहीं अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रितु सब्बरवाल ने कहा कि बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर डॉक्टर से परामर्श लेने से कई गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी नए लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने की जरूरत है।कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे संवाद किया और अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर चर्चा कर उपयोगी सुझाव प्राप्त किए। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई।
कैलाश हॉस्पिटल प्रबंधन ने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता, नियमित जांच और बीमारियों की रोकथाम को लेकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।





