GautambudhnagarGreater noida news

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, किसानों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, किसानों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ पहली बैठक कर प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान, गुणवत्ता परक विकास कार्य, भूमि अधिग्रहण और शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।2004 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह इससे पहले यूपीसीडा के सीईओ के पद पर कार्यरत थे। पहली बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में सीईओ ने निर्देश दिए कि किसानों की आपसी सहमति और उनकी जायज मांगों को ध्यान में रखते हुए ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। किसानों और आवंटियों की शिकायतों को सम्मानपूर्वक सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण कार्यालय आने वाले किसी भी व्यक्ति को असुविधा नहीं होनी चाहिए।विकास कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए डॉ. बलकार सिंह ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और प्रतिष्ठित एजेंसियों से गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने, सड़कों और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।सीईओ ने भूजल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि एसटीपी से शोधित पानी का उपयोग सिंचाई और निर्माण कार्यों में किया जाए, ताकि भूजल पर निर्भरता कम हो सके। इसके अलावा आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े भूखंडों के आवंटियों को चिह्नित कर निर्माण के लिए प्रेरित करने को कहा।निवेश को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ स्वच्छता, गुणवत्ता और जनसमस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक, गुंजा सिंह, लवगीत कौर, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह समेत प्राधिकरण के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button