मेट्रो यूनिवर्सिटी के नए कुलपति बने डॉ. सुरिंदर सिंह, चार दशक का अनुभव संभालेंगे विश्वविद्यालय की कमान
मेट्रो यूनिवर्सिटी के नए कुलपति बने डॉ. सुरिंदर सिंह, चार दशक का अनुभव संभालेंगे विश्वविद्यालय की कमान

ग्रेटर नोएडा। मेट्रो यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा को नया कुलपति मिल गया है। प्रख्यात शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. सुरिंदर सिंह ने बुधवार, 18 नवंबर को विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार ग्रहण किया। चिकित्सा शिक्षा, उच्च शिक्षा प्रशासन और अनुसंधान के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले डॉ. सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय को नई शैक्षणिक दिशा और पहचान मिलने की उम्मीद है।डॉ. सुरिंदर सिंह इससे पहले मैसूर स्थित जेएसएस एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च और गोरखपुर स्थित महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं। इसके अलावा वे भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन ड्रग कंट्रोलर जनरल (इंडिया) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिकल्स के निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।एमबीबीएस और एमडी की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले डॉ. सिंह ने भारत में फार्माकोविजिलेंस एवं हेमोविजिलेंस कार्यक्रमों की स्थापना और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके 60 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। चिकित्सा एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. राकेश धर द्विवेदी, मेट्रो ग्रुप की मानव संसाधन प्रमुख रंजना शर्मा, वित्त अधिकारी सीए रजत अग्रवाल, डीन (मैनेजमेंट) प्रो. अनुप पंत और अपर कुलसचिव डॉ. सोरन कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं शिक्षकों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. राकेश धर द्विवेदी ने कहा कि डॉ. सुरिंदर सिंह का कुलपति के रूप में जुड़ना विश्वविद्यालय की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व से विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक पहचान मजबूत करने और उद्योग-अकादमिक सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।डॉ. सुरिंदर सिंह की नियुक्ति को मेट्रो यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक विस्तार और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





