सिरसा गांव में होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, ग्रामीणों को किया जागरूक
सिरसा गांव में होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, ग्रामीणों को किया जागरूक

ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध नगर के सिरसा गांव में होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से स्वाभिमान टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों का हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, रक्त शर्करा, वजन और लंबाई की जांच की गई। इसके साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसके माध्यम से संतुलित जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों से बचाव के महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
चिकित्सकों ने ग्रामीणों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और खानपान व दिनचर्या में सुधार कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से स्वाभिमान टीम की यह पहल ग्रामीण समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





