ग्रेटर नोएडा में श्रमिक महिलाओं के लिए निःशुल्क स्तन कैंसर जांच शिविर आयोजित, बड़ी संख्या में महिलाओं ने उठाया लाभ
ग्रेटर नोएडा में श्रमिक महिलाओं के लिए निःशुल्क स्तन कैंसर जांच शिविर आयोजित, बड़ी संख्या में महिलाओं ने उठाया लाभ
एनएचपीसी और SHEWings के सहयोग से सशक्त महिला उद्यमी संगठन की पहल, महिलाओं को जांच और जागरूकता के साथ दिया गया चिकित्सकीय परामर्श

ग्रेटर नोएडा। महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बीमारी की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सशक्त महिला उद्यमी संगठन की ओर से बुधवार को निःशुल्क स्तन कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। एनएचपीसी लिमिटेड की सामाजिक उत्तरदायित्व पहल और SHEWings के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिक एवं जरूरतमंद महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।शिविर का आयोजन इकोटेक-3 स्थित उद्योग केंद्र-2 के प्लॉट नंबर 481 पर किया गया। इसका विशेष उद्देश्य कारखानों में काम करने वाली श्रमिक महिलाओं और निम्न आय वर्ग की महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना था। अक्सर आर्थिक और जागरूकता की कमी के कारण महिलाएं समय पर जांच नहीं करा पातीं, जिससे बीमारी की पहचान में देरी हो जाती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए संगठन ने यह पहल की।शिविर में महिलाओं की निःशुल्क स्तन कैंसर जांच की गई। साथ ही उन्हें स्वयं स्तन जांच करने की विधि, बीमारी के शुरुआती लक्षणों और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञ महिला चिकित्सकों ने महिलाओं को परामर्श और आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।इस अवसर पर सशक्त महिला उद्यमी संगठन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याओं में से एक है। समय पर जांच और जागरूकता के माध्यम से इसके खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज से ही स्वस्थ भारत और विकसित भारत की नींव रखी जा सकती है। जब महिलाएं स्वस्थ होंगी, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त बनेगा।उन्होंने कहा कि संगठन समाज, राष्ट्र और महिला हित के साथ-साथ विशेष रूप से वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं और जागरूकता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।शिविर में शामिल महिलाओं ने सशक्त महिला उद्यमी संगठन, एनएचपीसी लिमिटेड और SHEWings की इस संयुक्त पहल की सराहना की। आयोजन के माध्यम से श्रमिक महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच के महत्व का संदेश दिया गया।





