लॉयड में ‘आइडियाथॉन 2.0’ का आयोजन, 135 टीमों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
लॉयड में ‘आइडियाथॉन 2.0’ का आयोजन, 135 टीमों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
नवाचार और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन, विजेता टीम को मिला 11 हजार रुपये का पुरस्कार

ग्रेटर नोएडा। लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एलआईईटी) में 8 और 9 अक्टूबर को दो दिवसीय ‘आइडियाथॉन 2.0’ का आयोजन किया गया। लॉयड टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस इनक्यूबेटर फाउंडेशन ने Azisly.ai के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें 135 टीमों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपने नवाचारी विचारों, तकनीकी कौशल और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए और अपने विचारों को व्यावहारिक परियोजनाओं में बदलने की संभावनाएं प्रदर्शित कीं।
प्रतियोगिता में टीम 93 ने प्रथम स्थान हासिल कर 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता। इस टीम में रोहन, हर्षिता और सार्थक शामिल रहे। टीम 59 ने दूसरा स्थान प्राप्त कर 5,100 रुपये का पुरस्कार हासिल किया। इस टीम में शुभम स्वामी, सार्थक तोमर और सार्थक चौरसिया शामिल थे। वहीं, टीम 24 ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 3,100 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। इस टीम में देवऋषि यादव, आयुष द्विवेदी और अकल्प मिश्रा शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एसपी द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नवाचार, तकनीकी विकास और उद्यमशीलता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक परियोजनाओं और स्टार्टअप में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की समस्या-समाधान क्षमता को विकसित करने और उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. कुमुद सक्सेना ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समन्वय कन्वीनर डॉ. शुभम शर्मा, प्रो. इरफान खान और प्रो. रवि कालरा के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन टीम के प्रयासों से विद्यार्थियों को अपने विचार प्रस्तुत करने, टीमवर्क की भावना विकसित करने और तकनीकी नवाचार के साथ स्टार्टअप की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर एवं चीफ प्रॉक्टर डॉ. सुधांशु शर्मा भी उपस्थित रहे।




