GautambudhnagarGreater noida news

एमएलसी चुनाव की मीडिया निगरानी कमेटी में पत्रकार धर्मेंद्र चंदेल को मिली जिम्मेदारी

एमएलसी चुनाव की मीडिया निगरानी कमेटी में पत्रकार धर्मेंद्र चंदेल को मिली जिम्मेदारी

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र चंदेल को विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव 2026 के मद्देनजर गठित जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) में सदस्य बनाया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में गठित इस कमेटी को चुनाव के दौरान पेड न्यूज से जुड़े मामलों की जांच और मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित होने वाली चुनाव संबंधी सामग्री की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 30 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को ध्यान में रखते हुए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी का कार्यालय सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में सहायक निदेशक, सूचना के कार्यालय कक्ष में स्थापित किया गया है।

धर्मेंद्र चंदेल मूल रूप से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच स्थित हबीबपुर गांव के निवासी हैं। वह वर्तमान में दैनिक जागरण समाचार पत्र में गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह चेतना मंच, अमर उजाला सहित विभिन्न समाचार संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।

चुनाव के दौरान मीडिया पर रहेगी नजर

एमसीएमसी की प्रमुख जिम्मेदारियों में चुनाव के दौरान प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों, विज्ञापनों और अन्य चुनाव संबंधी सामग्री की निगरानी करना तथा पेड न्यूज के संभावित मामलों की जांच करना शामिल है। कमेटी निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी भी करेगी। धर्मेंद्र चंदेल को कमेटी में शामिल किए जाने से जिले की चुनाव संबंधी मीडिया निगरानी व्यवस्था में उनकी भूमिका निर्धारित हुई है।

Related Articles

Back to top button