GautambudhnagarGreater noida news

इनोवेटिव कॉलेज ऑफ फार्मेसी में हरित औषधि विज्ञान पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

इनोवेटिव कॉलेज ऑफ फार्मेसी में हरित औषधि विज्ञान पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

ग्रेटर नोएडा, 6 अक्टूबर 2026। इनोवेटिव कॉलेज ऑफ फार्मेसी में “स्वच्छ ग्रह के लिए हरित औषधि विज्ञान: औषधीय प्रदूषण को कम करना” विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य औषधीय प्रदूषण को कम करने, पर्यावरण-अनुकूल औषधि निर्माण तथा सतत विकास को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इनोवेटिव समूह के अध्यक्ष डॉ. के. आर. शर्मा ने उद्घाटन संबोधन में हरित औषधि विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण तथा औषधीय अपशिष्ट के उचित प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया।

कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. अमरजीत सिंह ने स्वागत संबोधन में सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल अनुसंधान के लिए प्रेरित किया। वहीं शैक्षणिक निदेशक डॉ. तितिक्षा शर्मा ने सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण में शिक्षा एवं अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार रखे।

सम्मेलन में भारत सहित विदेशों से आए विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए। डॉ. विजय सिंह राणा, डॉ. शाहिद करीम, प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. राजेश श्रीधरन नायर तथा श्री आशीष गर्ग ने हरित औषधि विज्ञान, औषधीय प्रदूषण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान शोध-पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में श्री सौरभ सरस्वत ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button