GautambudhnagarGreater noida news

किसानों के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगी जिला कांग्रेस | 06 अक्टूबर को दादरी में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’, 07 अक्टूबर को जेवर में निकलेगी प्रांतीय किसान पदयात्रा

किसानों के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगी जिला कांग्रेस

06 अक्टूबर को दादरी में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’, 07 अक्टूबर को जेवर में निकलेगी प्रांतीय किसान पदयात्रा

ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी, गौतमबुद्ध नगर की ओर से 5 अक्टूबर को स्वर्णनगरी स्थित ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें 6 अक्टूबर को दादरी में होने वाले ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ और 7 अक्टूबर को जेवर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाली प्रांतीय किसान पदयात्रा की तैयारियों की जानकारी दी गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत 6 अक्टूबर को दादरी नगर में मार्च निकाला जाएगा। इसमें कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह मार्च मताधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की आवाज को मजबूती देगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। वहीं, 7 अक्टूबर को जेवर विधानसभा क्षेत्र में प्रांतीय किसान पदयात्रा जहांगीरपुर से शुरू होकर मोहबलीपुर, थोरा, मॉडलपुर, किशोरपुर, बनवारीवास, नीमका सहित विभिन्न गांवों से होते हुए जेवर नगर में पहुंचेगी।

यात्रा संयोजक अजय छोंकर ने बताया कि पदयात्रा में ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता किसानों से संवाद कर भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा, आबादी निस्तारण, किसानों के अधिकार और स्थानीय युवाओं के रोजगार समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।

पदयात्रा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रांतीय प्रभारी सचिव एवं पूर्व विधायक संजीव आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि 6 अक्टूबर का मार्च लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा की आवाज बनेगा, जबकि 7 अक्टूबर की किसान पदयात्रा किसानों के हक, सम्मान और न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

पत्रकार वार्ता में मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, अजय छोंकर, सतीश शर्मा, महाराज सिंह, निशा शर्मा, अरुण भाटी, धर्म सिंह जीनवाल, श्रुति कुमारी, सुरेंद्र प्रताप सिंह और सुबोध भट्ट सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button