आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में “पढ़ाई और शोध के दौरान एआई की तकनीकी उपयोगिता” पर दो दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में “पढ़ाई और शोध के दौरान एआई की तकनीकी उपयोगिता” पर दो दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन

ग्रेटर नोएडा । आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में पढ़ाई और शोध के दौरान एआई तकनीक के बेहतर उपयोग हेतु दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन दिनांक 15 सितम्बर से 16 सितम्बर, 2026 को किया गया। इसमें संस्थान के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।कार्यशाला के मुख्य वक्ता संस्थान के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत राज सिंह खुराना ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को अकादमिक क्षेत्र में एआई की भूमिका एवं संभावनाओं से परिचित कराया। विशेष रूप से एआई चैटबॉट्स जैसे चैटजीपीटी, जेमिनी एवं क्लाउड के उपयोग तथा शिक्षण प्रक्रिया में एआई के व्यावहारिक प्रयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि एआई टूल्स के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने कहा कि वर्तमान समय में एआई शिक्षा, शोध एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दंत चिकित्सा शिक्षा में एआई का समुचित एवं जिम्मेदार उपयोग विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के लिए सीखने, अध्यापन और शोध की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं नवाचारपूर्ण बनाने में सहायक हो सकता है।
कार्यशाला के सफल आयोजन पर संस्थान के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने आयोजकों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने तथा उन्हें अपने शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में प्रभावी ढंग से उपयोग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य मानव क्षमता को बढ़ाना और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना होना चाहिए।




